सुवर्ण वणिक समाज ने दिव्यांग बच्चों संग मनाया नववर्ष, सेवा और संवेदनशीलता का दिया संदेश

Spread the love

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : नववर्ष के शुभ अवसर पर सुवर्ण वणिक समाज ने मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक दायित्व का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। चितरपुर प्रखंड के सुकरीगढ़ा लारी स्थित आवासीय दिव्यांग विद्यालय में समाज के सदस्यों ने दिव्यांग बच्चों के साथ आत्मीय माहौल में नया साल मनाया। इस दौरान बच्चों को भोजन कराया गया तथा नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान समाज के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया, बातचीत की और उनके सुख-दुख को साझा किया। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और खुशहाल बना दिया। समाज के संरक्षक सह पूर्व मुखिया दिलीप साव ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की सेवा केवल सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और सच्चे आनंद का अनुभव कराता है। उन्होंने कहा कि सुवर्ण वणिक समाज हमेशा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में अग्रणी रहा है और आगे भी जरूरतमंदों, दिव्यांगों एवं असहाय वर्गों के लिए सेवा कार्य जारी रखेगा।

विद्यालय प्रबंधन ने सुवर्ण वणिक समाज के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक लिलमोहन पटेल सहित समाज के श्रीकांत कुमार पोद्दार, ज्ञान चंद्र पोद्दार, शंकर चंद्र पोद्दार, प्रकाश दत्ता, शिवम पोद्दार, कमल साव, गौतम पोद्दार, विकास पोद्दार, अमर पोद्दार आदि मौजूद रहे।