रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ स्थित सर्किट हाउस में आज मनरेगा बचाव कार्यक्रम के तहत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को मनरेगा बचाव कार्यक्रम के प्रभारी एवं अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी तथा अल्पसंख्यक आयोग के वारिश कुरैशी ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शमशेर आलम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) को कमजोर कर VB–ग्राम जी एक्ट लागू करना ग्रामीण गरीबों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के काम के अधिकार पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि मनरेगा वर्षों के संघर्ष के बाद मिला कानूनी अधिकार है और इसे खत्म करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि मनरेगा कानून को पूरी तरह बहाल नहीं किया गया तो देशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
वक्ताओं ने बताया कि जहां मनरेगा के तहत 100 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी थी, वहीं VB–ग्राम जी एक्ट में काम को आपूर्ति-आधारित कर दिया गया है। बजट की सीमा तय होने और फंडिंग में कटौती से काम के दिन घटेंगे तथा मजदूरी भुगतान में देरी होगी, जिससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा गया कि नए कानून से काम की पहुंच सीमित हो जाएगी और कई पंचायतें योजना से बाहर हो सकती हैं। कृषि के चरम मौसम में मिलने वाला सुरक्षा कवच खत्म होगा, मजदूरी की निश्चितता समाप्त होगी और बायोमेट्रिक प्रक्रियाओं के कारण बुजुर्ग व मेहनतकश मजदूर अपनी मजदूरी से वंचित हो सकते हैं।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इस नए ढांचे में ग्राम सभाओं की भूमिका कमजोर कर कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थानीय जरूरतों की अनदेखी कर बड़े प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा दिया जाएगा और ठेकेदारों को अनुमति देकर भ्रष्टाचार का रास्ता खोला जा रहा है।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर नहीं होने देगी और ग्रामीण जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। वहीं शमशेर आलम ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पूरे रामगढ़ जिला (झारखंड) में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसी मुद्दे को लेकर 5 जनवरी 2026 को कांग्रेस पार्टी द्वारा बापू वाटिका, मोरहाबादी से लोक भवन तक पैदल मार्च किया जाएगा। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया जाएगा और मनरेगा को बचाने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से केंद्र सरकार से MGNREGA को पूरी ताकत के साथ बहाल करने, VB–ग्राम जी एक्ट को तत्काल निरस्त करने, समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण रोजगार के कानूनी अधिकार को मजबूत करने की मांग की गई।
मौके पर सीपी संतन, पंकज तिवारी, दिनेश मुंडा, मुकेश यादव, सुधीर मंगलेश, संजय साव, शहजाद खान, सागर महतो, भैरो ठाकुर, धर्मराज राम, बलराम साहू, टिंकू खान, गगन करमाली, अनिल नायक, राजू बर्मा, अनिल मुंडा, आजाद सिंह, कार्तिकराम, धीरेन्द्र कुमार, उत्तम कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।