रामगढ कैंट, झारखंड : नगर निकाय चुनाव में लगातार हो रही देरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने अब सड़कों पर उतरने का ऐलान कर दिया है ।इसी कड़ी में आज भाजपा जिला कार्यालय हाथीमारा में जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता की अध्यक्षता में एक बैठक बुलाई गई । जिसमें 7 जनवरी को नगर परिषद कार्यालय के समीप महाधरना को सफल बनाने को लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद की उपस्थिति में रणनीति बनाई गई और कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेवारी तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि झारखंड सरकार नगर निकाय चुनाव को जानबूझकर टाल रही है और सरकारी महकमों से अपना हित साधने में लगी है जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा इस आंदोलन के माध्यम से सरकार को शीघ्र चुनाव की तिथि घोषित करने के लिए मजबूर करेगी । उन्होंने यह भी कहा कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर और चुनाव ईवीएम मशीन से कराने को लेकर हेमन्त सरकार से मांग करेगी। यदि हेमंत सोरेन सरकार जल्द चुनाव की घोषणा नहीं करती है तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगी ।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सरकार द्वारा एस आई आर को लेकर जनता के बीच जो भ्रम फैलाया जा रहा है उसे दूर करने के लिए जनसंपर्क अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता आमजनों से मिलकर उन्हें सच्चाई से अवगत कराएंगे । इसके साथ ही विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण याने जय राम जी योजना के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार कर आम जनों को जागरूक करेगी । स्वागत भाषण और विषय प्रवेश जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता ने तथा संचालन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 7 जनवरी के आंदोलन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी । उपस्थित लोगों ने कहा कि यह आंदोलन सरकार के खिलाफ जनाक्रोश का प्रतीक होगा।बैठक में वरिष्ठ नेता रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ संजय प्रसाद सिंह, राजू कुशवाहा, महेन्द्र प्रजापति,प्रिया करमाली, दिलीप सिंह,उमेश प्रसाद, आनंद बेदिया,प्रोआलोक कुमार,भीमसेन चौहान,मनोज गिरि, संजय कुमार साह, सुशांत पांडेय, रूपा देवी मंजू देवी सुनीता देवी सहित रामगढ़ नगर परिषद में निवास करने वाले भाजपा के वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्त्ता उपस्थित थे ।