देवघर, झारखंड :भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सपरिवार देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ का विधिवत दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त से संकल्प कराया गया। इसके पश्चात उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर विशेष पूजा संपन्न की। पूजा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बताया गया कि दर्शन-पूजन के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने देशवासियों के कल्याण, लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से पूजा-अर्चना की विधि सुचारू रूप से संपन्न कराई गई।