रामगढ़ कैंट, झारखंड :उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज द्वारा औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। इसी क्रम में बिहार फाउंड्री एवं कास्टिंग लिमिटेड, रामगढ़ को प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित आवश्यक कार्रवाई एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त कार्यालय को प्राप्त विभिन्न समाचार पत्रों एवं आमजन के आवेदनों के माध्यम से यह सूचना प्राप्त हो रही थी कि संबंधित औद्योगिक प्रतिष्ठान से निकलने वाले प्रदूषण के कारण आसपास के आवासीय एवं हरित क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा प्रदूषण से निजात दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए थे, जिनके साथ वीडियो एवं फोटो साक्ष्य भी संलग्न थे।
पूर्व में संबंधित प्रतिष्ठान को पत्र के माध्यम से प्रदूषण के रोकथाम एवं स्थायी समाधान हेतु निर्देशित किया गया था। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया था कि औद्योगिक इकाई द्वारा डिजिटल मीटर के माध्यम से प्रदूषण स्तर की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। निर्देशानुसार दिन में तीन बार (प्रातः 6 बजे, दोपहर 2 बजे एवं रात्रि 9 बजे) AQI डिजिटल मीटर रीडिंग प्रदर्शित की जानी थी, किंतु निर्धारित समयावधि में यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
इस पर उपायुक्त द्वारा प्रबंधक बिहार फाऊंडरी एवं कास्टिंग लिमिटेड को निर्देश दिया गया है कि प्रदूषण नियंत्रण हेतु अब तक की गई समस्त कार्रवाई से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन 7 दिनों के अंदर उपलब्ध कराए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिवेदन में विगत 7 दिनों का तीन पालियों में प्रातः 6:00 बजे अपराह्न 2:00 बजे एवं रात्रि 9:00 बजे का AQI डिजिटल मीटर रीडिंग प्रदर्शित हो।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण एवं आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्देशों की अवहेलना की स्थिति में संबंधित औद्योगिक इकाई के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।