रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार 06 जनवरी 2026 को रामगढ़ जिला के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जिले में लगातार हो रही आपराधिक एवं चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की।
चैम्बर की ओर से भुरकुंडा स्थित विजय ज्वेलर्स में हुई डकैती तथा रामगढ़ शहर के वोलकन बजाज शोरूम में हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करने का आग्रह किया गया। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने यातायात व्यवस्था में सुधार, अव्यवस्थित संचालन पर नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने चैम्बर प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिले में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चोरी व अन्य अपराधों के उद्भेदन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नियमित रूप से टेम्पो और टोटो की जांच हेतु विशेष जांच दल का गठन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री मंजीत सहानी, मानद सचिव श्री मानु चतुर्वेदी एवं सह सचिव श्री इन्दर पाल सिंह सैनी (पाले) उपस्थित थे।