झारखंड : धनबाद के वासेपुर में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, 15 मोहल्लों में एकसाथ छापेमारी, प्रिंस खान गिरोह पर शिकंजा

Spread the love

धनबाद (झारखंड) : झारखंड के धनबाद जिले के कुख्यात इलाके वासेपुर में अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से सोमवार तड़के पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।

सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिन्हें लगभग 20 विशेष टीमों में तैनात किया गया। पुलिस ने वासेपुर के 15 संवेदनशील मोहल्लों में एकसाथ दबिश देकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

अवैध हथियारों की सूचना पर सख्ती

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अभियान प्रिंस खान गिरोह से जुड़े शूटरों द्वारा आधुनिक हथियारों की आपूर्ति और मौजूदगी की ठोस सूचना के बाद शुरू किया गया। इनपुट में AK-47 और AK-56 जैसे घातक हथियारों के इलाके में पहुंचने की जानकारी सामने आई थी।

इसके साथ ही बाहरी शूटरों के वासेपुर में छिपे होने की आशंका भी जताई गई थी, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यह सघन अभियान चलाया गया।

इन इलाकों में चल रही तलाशी

पुलिस टीमें निषाद नगर, मिल्लत कॉलोनी, कबड्डी पट्टी, नीचे बाजार, करीमगंज-मारूफगंज, कमर मखदूमी रोड, गुलजारबाग, शमशेर नगर, रहमतगंज समेत अन्य इलाकों में संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ले रही हैं। संदिग्धों की आवाजाही वाले रास्तों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई है।

दुबई से संचालित बताया जा रहा नेटवर्क

जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर प्रिंस खान कथित रूप से विदेश, खासकर दुबई से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। हाल के दिनों में धनबाद सहित झारखंड के अन्य जिलों में कारोबारियों से रंगदारी मांगने की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी और गिरोह की कमर तोड़ना है। कार्रवाई देर तक जारी रहने की संभावना है।