भुरकुंडा में राष्ट्रीय प्रगतिशील वर्कर्स यूनियन का 32वां स्थापना समारोह, नई केंद्रीय कमेटी का गठन

Spread the love

भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड :  एरिया कार्यालय सेंट्रल सौंदा, भुरकुंडा में राष्ट्रीय प्रगतिशील वर्कर्स यूनियन का 32वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीटू झारखंड राज्य के नेता विश्वजीत देव शामिल हुए। समारोह की शुरुआत यूनियन ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद दिवंगत साथियों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर किया गया। इस अवसर पर यूनियन के संस्थापक सह केंद्रीय महामंत्री ओमप्रकाश सिन्हा ने संगठन से जुड़े दस सूत्री प्रस्ताव प्रस्तुत किए। प्रस्तावों पर नूतन बाला सहाय, विशेश्वर ठाकुर, सुरेश प्रसाद सिन्हा, वीणा सिन्हा, मनोज कुमार गुप्ता, रोहित प्रकाश सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे। चर्चा के बाद सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए विश्वजीत देव ने कहा कि वर्तमान समय में मजदूर वर्ग अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर श्रम कानूनों में बदलाव कर मजदूरों के अधिकार कमजोर करने का आरोप लगाया और मजदूरों व किसानों से एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान आशीष गुप्ता, चंदन साव, उपेंद्र गुप्ता और राजन करमाली सहित कई लोगों ने यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। अतिथियों द्वारा सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरपी सिंह चंदेल ने की, संचालन विशेश्वर ठाकुर और रोहित प्रकाश ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नूतन बाला सहाय द्वारा प्रस्तुत किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में यूनियन कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

वर्ष 2026 से 2030 के लिए नई केंद्रीय कमेटी गठित

स्थापना दिवस के अवसर पर यूनियन की नई केंद्रीय कमेटी का गठन किया गया। इसमें विश्वजीत देव को केंद्रीय अध्यक्ष, आरपी सिंह चंदेल को केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, नूतन बाला सहाय और वीणा सिन्हा को केंद्रीय उपाध्यक्ष तथा ओमप्रकाश सिन्हा को केंद्रीय महामंत्री चुना गया। विशेश्वर ठाकुर को सहायक महामंत्री, मनोज कुमार गुप्ता और रोहित प्रकाश को केंद्रीय सचिव, इंद्रजीत महतो को सहायक सचिव और स्नेहा सिन्हा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सुरेश प्रसाद सिन्हा, आज़ाद भुईया, मुन्नी सिंह, छोटू मुंडा, विकास सोरेन, यूनुस अंसारी, बलविंदर कौर, जगरनाथ पासवान, निधि नम्रता सोरेन, प्रधान मुंडा, राजेश बेदिया, सनाउल्लाह, बिरसा उरांव और गोपाल प्रसाद को केंद्रीय सदस्य बनाया गया।