रामगढ़ (झारखंड) : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं राष्ट्रीय पराक्रम दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड के रामगढ़ जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामगढ़ शहर स्थित सुभाष चौक पर नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी, गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
नेताजी के आदर्शों को अपनाने की अपील
इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपील की कि नेताजी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान सुभाष चौक परिसर देशभक्ति के वातावरण से सराबोर नजर आया। उपस्थित लोगों ने नेताजी के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भारत के स्वतंत्रता संग्राम का महानायक बताया।