ABDM कार्यक्रम के तहत रामगढ़ में जिला स्तरीय कार्यशाला सह समीक्षात्मक बैठक आयोजित

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 24 जनवरी 2026 को रामगढ़ स्थित सिद्धि विनायक बैंक्वेट में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला सह समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर सचिव सह अभियान निदेशक, ABDM श्री विद्यानेन्द शर्मा पंकज की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यशाला में राज्य स्तर से श्री राजन कुमार, ज्वाइंट डायरेक्टर, ABDM अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। वहीं जिला स्तर से अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल कुमार, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराग, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. हरेन चन्द्र महतो, जिला नोडल पदाधिकारी ABDM डॉ. उदय शंकर श्रीवास्तव, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई एवं प्रखंड कार्यक्रम इकाई के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा जिले के सभी निजी अस्पतालों के संचालक एवं चिकित्सा प्रतिनिधि भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में रामगढ़ जिले को पूर्ण रूप से डिजिटलाइजेशन की दिशा में अग्रसर करने के उद्देश्य से झारखंड राज्य में पायलट जिला के रूप में चयन किया गया है। ABDM एक इको-सिस्टम के रूप में कार्य करता है, जिसके माध्यम से भविष्य में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह पेपरलेस होंगी।

जानकारी दी गई कि ABDM के तहत सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं फार्मेसी का HFR (Health Facility Registry) तथा सभी डॉक्टरों, नर्सों, लैब टेक्नीशियन एवं फार्मासिस्ट का HPR (Health Professional Registry) पंजीकरण अनिवार्य है। टीम द्वारा HPR एवं HFR पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

अपर सचिव सह अभियान निदेशक, ABDM ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि जो निजी अस्पताल HMIS का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें ABDM कम्प्लायंट सॉफ्टवेयर का उपयोग अनिवार्य रूप से करना होगा, ताकि वे डिजिटल हेल्थ मिशन से जुड़ सकें। साथ ही बताया गया कि इस मिशन के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक का ABHA ID बनाना आवश्यक है, जिससे उसकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं सुलभ हो सके।

कार्यशाला सह समीक्षात्मक बैठक का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति, रामगढ़ द्वारा किया गया।