धनबाद, झारखंड : धनबाद, झारखंड में नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम चुनाव-2026 में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इस संबंध में उन्होंने भाजपा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को औपचारिक पत्र भेजा है।
पत्र में संजीव सिंह ने स्वयं को भाजपा का निष्ठावान, अनुशासित एवं संगठन के प्रति समर्पित सिपाही बताते हुए कहा है कि संगठन, विचारधारा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी आस्था प्रारंभ से ही अटूट रही है। उन्होंने विश्वास जताया है कि यदि पार्टी का मार्गदर्शन एवं समर्थन प्राप्त होता है, तो वे संगठन की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप नगर के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
अपने राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए संजीव सिंह ने पत्र में लिखा है कि उनका परिवार दशकों से सार्वजनिक जीवन एवं राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रह चुके हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती कुंती देवी भी दो बार विधायक के रूप में जनता की सेवा कर चुकी हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि वे स्वयं पूर्व में विधायक के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं।
पत्र में यह भी बताया गया है कि वर्तमान में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रागिनी सिंह झरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में सक्रिय रूप से जनसेवा कर रही हैं। इसके अतिरिक्त वे वर्तमान समय में बी.सी.सी.एल. के सबसे बड़े मजदूर संगठन से जुड़कर श्रमिकों के हित, अधिकार एवं उनके सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर जनसमस्याओं की गहरी समझ है।
संजीव सिंह ने पत्र के माध्यम से पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि उनकी इस अभिलाषा पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पार्टी का मार्गदर्शन एवं समर्थन प्रदान किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वे सदैव संगठन के आदेशों एवं निर्णयों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।