रामगढ़ (झारखंड) : नेहरू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, 400 महिलाओं ने एक साथ किया श्याम ज्योति पाठ

Spread the love
सजा श्री श्याम मंदिर

रामगढ, झारखंड : रामगढ़ (झारखंड) के नेहरू रोड स्थित रामगढ़ नरेश श्री श्याम मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव गुरुवार को भक्ति एवं उल्लास के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कोलकाता से आए रोहित शर्मा उर्फ जिमी ने सुमधुर स्वर में श्याम ज्योति पाठ किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।

पाठ करती श्रद्धालु महिलायें

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्री श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना एवं ज्योति प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात गणेश वंदना के बाद श्याम ज्योति पाठ आरंभ किया गया। इस विशेष आयोजन में करीब 400 महिलाओं ने एक साथ बैठकर पाठ किया, जिसका दृश्य अत्यंत भक्तिमय और मनोहारी रहा।

पाठकर्ता रोहित शर्मा उर्फ जिमी  

श्याम ज्योति पाठ में बाबा श्री श्याम की महिमा का विस्तार से वर्णन किया गया। बताया गया कि शुद्ध घी एवं अखंड दीप के साथ श्रद्धा पूर्वक पाठ करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यह पाठ सामान्यतः सात दिनों में पूर्ण होता है, लेकिन वार्षिकोत्सव के अवसर पर इसे पूरे दिन चलाकर संपन्न किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नृत्य-नाटिका का भी आयोजन किया गया, जिसमें बाबा श्री श्याम की लीलाओं और छवि को अत्यंत मनमोहक रूप में प्रस्तुत किया गया। सुसज्जित दरबार में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही, जहां भक्तों ने ज्योति का दर्शन कर उसमें घी अर्पित कर अपनी आस्था व्यक्त की।

इस पावन अवसर पर विष्णु पोद्दार, संजय अग्रवाल (मथुरा वाले), मुकेश बोंदिया, ऋषभ पटवारी एवं रितिक परशुरामपुरिया ने सपरिवार अर्चना कर ज्योति प्रज्वलित किया तथा पाठ के यजमान बने। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट के सदस्य प्रेस प्रवक्ता कमल बगड़िया सक्रिय रूप से जुटे रहे।

आयोजकों के अनुसार शुक्रवार को भी कार्यक्रम जारी रहेगा, जिसमें भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा एवं अन्य धार्मिक आयोजन होंगे। गुरुवार की संध्या बाबा को चूरमा की खिचड़ी का भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। श्री जगन्नाथ मंदिर के स्वरूप में सजा बाबा का दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।