रामगढ़, झारखंड : झारखंड राज्य में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में प्रभावी प्रयासों के फलस्वरूप रामगढ़ जिले को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी लाने हेतु किए गए कार्यों के लिए झारखंड सरकार की वर्तमान परिवहन सचिव श्रीमती विप्रा भाल के मार्गदर्शन में प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज रांची में आयोजित एक राज्य स्तरीय सेमिनार के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के परिवहन मंत्री श्री दीपक बिरुआ, परिवहन आयुक्त श्री संजीव कुमार बेसरा एवं संयुक्त परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) श्री प्रदीप कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रामगढ़ जिले की ओर से यह पुरस्कार मोटरयान निरीक्षक श्री मोनू मृणाल, श्री विपुल उरांव तथा तकनीकी सहायक (रोड सेफ्टी) श्री विकास कुमार ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर जिले द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने का आह्वान किया। जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान, निगरानी एवं तकनीकी उपायों को प्राथमिकता दी जा रही है।