वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सफल संचालन हेतु परीक्षा सेल-सह-जिला नियंत्रण कक्ष का गठन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  वार्षिक माध्यमिक परीक्षा–2026 (03 फरवरी 2026 से 17 फरवरी 2026) तथा इंटरमीडिएट परीक्षा (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य)–2026 (03 फरवरी 2026 से 23 फरवरी 2026) के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ (झारखंड) द्वारा परीक्षा सेल-सह-जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है।

परीक्षा अवधि के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न-पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर आपूर्ति, परीक्षा उपरांत सामग्री को जिला कोषागार, रामगढ़ (झारखंड) तक सुरक्षित पहुंचाने तथा सतत निगरानी के उद्देश्य से यह परीक्षा सेल गठित किया गया है। नियंत्रण कक्ष अनुमंडल कार्यालय, रामगढ़ (झारखंड) में स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06553-222005 है।

परीक्षा अवधि के दौरान प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से संध्या 7:00 बजे तक उपस्थित रहकर परीक्षा से संबंधित सभी गतिविधियों की निगरानी करेंगे तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित पदाधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे। साथ ही, परीक्षा सेल में प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि कर उनके त्वरित निष्पादन को भी सुनिश्चित किया जाएगा।

अनुमंडल प्रशासन, रामगढ़ (झारखंड) द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।