झारखंड के लातेहार जिले में वाहन जांच के दौरान कार से 40 लाख रुपये नकद बरामद, पुलिस ने शुरू की जांच

Spread the love

लातेहार (झारखंड)  :  झारखंड के लातेहार जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के तहत चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान एक कार से करीब 40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके पर ही राशि को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, लातेहार जिला मुख्यालय क्षेत्र में बुधवार शाम वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक कार को रोका गया। तलाशी के क्रम में वाहन के अंदर रखे एक बैग से बड़ी मात्रा में नकदी मिली। बैग में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं।

मामले की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद निर्देश पर पुलिस ने नकद राशि को जब्त कर लिया। झारखंड के लातेहार जिले के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई और किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर शहरी क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है और इसी के तहत वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों और प्रत्याशियों से अपील की है कि चुनाव अवधि के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें।

एसपी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद यदि कोई व्यक्ति 49 हजार रुपये से अधिक की नकद राशि लेकर यात्रा करता है, तो उसे उस धनराशि से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होता है। इसमें बैंक से निकासी का प्रमाण और राशि के उपयोग से जुड़ी जानकारी शामिल है।