रांची, झारखंड : खादगढ़ा बस स्टैंड में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। लोअर बाजार थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अर्जुन भोक्ता नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोपी के पास से माचिस और लाइटर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे खादगढ़ा बस स्टैंड परिसर में खड़ी छह बसों में अचानक आग लग गई थी, जिससे सभी बसें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। इस घटना की जांच चल ही रही थी कि 2 फरवरी को बस टर्मिनल के सामने खड़ी एक सिटी बस (जेएच 01 एएफ 6969) में फिर से आग लगाने की कोशिश की गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
जांच के दौरान लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बस में कपड़ा लेकर प्रवेश करता और कुछ ही क्षण बाद बाहर निकलते दिखाई देता है। उसके बाहर निकलते ही बस में आग भड़कती नजर आई। पुलिस ने जब पहले दिन जली बसों से संबंधित फुटेज की जांच की, तो वही व्यक्ति घटना से कुछ मिनट पहले उसी बस के आसपास घूमते हुए भी कैमरे में कैद मिला।
इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर लोअर बाजार थाना में 3 फरवरी को कांड संख्या 31/2026 के तहत बीएनएस की धारा 326(जी) और 327(2) में मामला दर्ज किया गया। विशेष पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी अर्जुन भोक्ता को उसके घर से गिरफ्तार किया। वह रांची, झारखंड के सिकिदरी इलाके का निवासी बताया गया है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में था। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आगजनी की घटनाएं जानबूझकर की गई थीं। इस मामले में कई लोगों से पूछताछ के बाद सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पुलिस पहुंच पाई है। पुलिस आगे की जांच में आरोपी के मकसद और अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।