रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के कस्तूरबा गांधी इंटर महिला महाविद्यालय में प्राचार्य पद के प्रभार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाविद्यालय की प्राचार्य रूमा सिंह का कार्यकाल 31 जनवरी 2026 को अवकाश ग्रहण के साथ समाप्त हो गया था। इस संबंध में 27 जनवरी 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी सह महाविद्यालय की सचिव कुमारी नीलम द्वारा एक पत्र जारी किया गया था। पत्र में उल्लेख किया गया था कि रूमा सिंह 31 जनवरी 2026 को अवकाश ग्रहण करेंगी तथा तत्काल प्रभाव से महाविद्यालय की वरीयतम अध्यापिका डॉ. उमा सेनगुप्ता को प्राचार्य के रूप में कार्य करने के लिए अधिकृत किया जाता है।
साथ ही पत्र में निवर्तमान प्राचार्य को निर्देश दिया गया था कि वे तीन दिनों के भीतर सूचीबद्ध रूप से महाविद्यालय का संपूर्ण प्रभार नवनियुक्त प्राचार्य को सौंपें।
हालांकि आदेश जारी होने के बाद 10 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक प्रभार हस्तांतरण नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि चल रही इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान निवर्तमान प्राचार्य महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य कक्ष में बैठीं तथा परीक्षा निरीक्षण भी किया।
सूत्रों के अनुसार जारी पत्र को पूर्व प्राचार्य द्वारा दबाकर रखे जाने की भी चर्चा है, जो अब सामने आया है। इस पूरे मामले को लेकर महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों द्वारा शिकायत किए जाने की बात कही जा रही है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आदेश सामने आने के बाद निवर्तमान प्राचार्य प्रभार सौंपती हैं या नहीं।