झारखंड विधानसभा बजट सत्र के दौरान मंत्री और विधायकों पर नक्सली हमले की आशंका, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया राज्यव्यापी अलर्ट

Spread the love

रांची, झारखंड : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को उच्च स्तर पर सतर्क कर दिया गया है। 18 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक प्रस्तावित बजट सत्र के दौरान नक्सली और आपराधिक संगठनों द्वारा किसी बड़ी वारदात की आशंका को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश जारी किया है।

पुलिस मुख्यालय की ओर से राज्य के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर कहा गया है कि बजट सत्र में भाग लेने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से मंत्री एवं विधायक 17 और 18 फरवरी को रांची पहुंचेंगे। इसके अलावा सत्र के बीच अवकाश के दौरान उनके अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आवागमन की भी संभावना बनी रहेगी।

पूर्व में हुई उग्रवादी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह आशंका जताई गई है कि नक्सली संगठन संवेदनशील मार्गों पर जनप्रतिनिधियों को निशाना बना सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने राज्य के कुल 24 प्रमुख मार्गों और घाटी क्षेत्रों को अत्यंत संवेदनशील घोषित किया है और इन इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

माननीय जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश

निर्देश में कहा गया है कि मंत्रियों एवं विधायकों की यात्रा के दौरान उनके काफिले की सुरक्षा, मार्गों की अग्रिम जांच, नियमित गश्ती और आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

इन मार्गों और घाटी क्षेत्रों को बताया गया संवेदनशील

रांची–बुंडू–तमाड़ मार्ग : तैमारा घाटी

रांची–हजारीबाग–कोडरमा मार्ग : चुटूपालू, चरही, नेशनल पार्क और तिलैया घाटी क्षेत्र

हजारीबाग–गिरिडीह मार्ग : टाटी झरिया, विष्णुगढ़ और गिरिडीह घाटी

रांची–सिमडेगा–गुमला मार्ग : कोलेबिरा के जंगल क्षेत्र

खूंटी–चाईबासा मार्ग : बंदगांव जंगल एवं घाटी

रांची–लातेहार–पलामू मार्ग : आमझरिया, टुड़ामू एवं मनिका घाटी

हजारीबाग–चतरा मार्ग : सिमरिया और चतरा जंगल घाटी

पलामू क्षेत्र : डालटनगंज–छत्तरपुर–हरिहरगंज मार्ग के जंगली इलाके

नेतरहाट मार्ग : बेतला, महुआडॉड़ और गारू घाटी

चतरा–कटकमसांडी मार्ग

चौपारण–बरही–बगोदर मार्ग

चान्हों–खलारी मार्ग

सरायकेला-खरसावां–कुचाई मार्ग तथा कांड्रा–चौका मार्ग

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि झारखंड विधानसभा बजट सत्र की अवधि के दौरान सभी संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी, लगातार वाहन जांच, गश्ती दलों की तैनाती तथा खुफिया सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।