पलामू, झारखंड : पांकी के द्वारिका क्षेत्र में गोलगप्पा खाने से 25 से अधिक बच्चे बीमार, स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर

Spread the love

पलामू, झारखंड : पलामू के पांकी  थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारिका इलाके में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। महाशिवरात्रि मेले में गोलगप्पा खाने के बाद अलग-अलग गांवों के 25 से अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं। सभी बच्चों में उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन के लक्षण पाए गए हैं।

घटना पलामू  डिस्ट्रिक्ट के पांकी प्रखंड स्थित द्वारिका के रघुआखाड़ क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां महाशिवरात्रि के अवसर पर मेला लगा था। मेले में द्वारिक, यादव टोला, जमुआटांड़ समेत आसपास के गांवों के बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। इसके बाद रविवार देर रात से बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई, जबकि सोमवार सुबह कई बच्चों की हालत और खराब हो गई।

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम को गांव भेजा गया। एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। फिलहाल अधिकांश बच्चों का इलाज ग्रामीण स्तर पर ही किया जा रहा है।

द्वारिका निवासी एके गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उन्होंने कहा कि गांव में एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार पड़े हैं।

वहीं पांकी के चिकित्सा प्रभारी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि कई बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस भेजी गई है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। कुछ परिजन अपने स्तर से भी बच्चों का इलाज करवा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को रेफर करने की भी व्यवस्था की जाएगी।