जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने बोंगावार तथा पैंकी क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा प्रबंध, मतदान प्रक्रिया एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कतार में लगे मतदाताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त ने मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करते हुए मतदान संपन्न कराएं। साथ ही, कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे रामगढ़, झारखंड जिले में मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।