रामगढ़, झारखंड : झारखंड के रामगढ़ जिले में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने को लेकर उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
बुधवार को रामगढ़ स्थित समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक द्वारा पीपीटी के माध्यम से अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने विगत अवधि में अवैध खनन पर रोक के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि भविष्य में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में की गई कार्रवाई की भी जानकारी ली।
अवैध मुहानों को बंद करने के संबंध में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कहीं से भी अवैध खनन की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मुहानों को पूरी तरह बंद कराया जाए। साथ ही अवैध खनन पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित परियोजनाओं के महाप्रबंधकों एवं एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर्स को अवैध मुहानों की समुचित डोजरिंग कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी स्थिति में अवैध खनन न हो।
बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं सभी थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी तथा थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।