रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड के रामगढ़ जिले में इनर व्हील क्लब ऑफ़ रामगढ द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं बाल कल्याण को ध्यान में रखते हुए छावनी परिषद उत्क्रमित मध्य स्टाफ क्वार्टर स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा बच्चों के लिए झूले की स्थापना की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में फलदार एवं सजावटी पौधे लगाए गए, ताकि परिसर हराभरा और आकर्षक बन सके। लगाए गए पौधों को पशुओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उनके चारों ओर जाल (नेट) भी लगाया गया, जिससे पौधों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
विद्यालय परिसर में स्थापित झूला बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक सिद्ध होगा। इससे बच्चों को खेल के माध्यम से संतुलन, समन्वय और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलेगा। साथ ही अवकाश के समय सुरक्षित एवं आनंददायक खेल सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों की विद्यालय में उपस्थिति एवं रुचि बढ़ने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और विद्यालय प्रबंधन की ओर से पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। क्लब सदस्यों द्वारा बच्चों के बीच चॉकलेट वितरित कर उनके साथ खुशी साझा की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ के इस सराहनीय सामाजिक प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नमिता श्रॉफ, जनेशा वडेरा, मेघा बगरिया, नीरु साहनी, रंजू अरोरा, मनबीर कौर, नवलजीत कौर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थीं।