रामगढ़ (झारखंड) : द्वितीय रंग–रंगीला फागुन महोत्सव के पहले दिन भव्य निशान यात्रा, 501 महिलाओं ने संभाला बाबा का निशान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट, रामगढ़ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय रंग–रंगीला फागुन महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार, 26 फरवरी को भव्य एवं विशाल निशान यात्रा के साथ हुआ।

प्रातः करीब 11 बजे छावनी फुटबॉल मैदान से शुरू हुई इस निशान यात्रा में हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए। यात्रा की विशेष पहचान यह रही कि इसमें 501 से अधिक महिलाओं ने बाबा का निशान लेकर सहभागिता निभाई। यात्रा से पूर्व मैदान परिसर में विधिवत ध्वज एवं निशान पूजन किया गया, जिसके बाद कूपनधारी श्रद्धालुओं को निशान वितरित किए गए।

निशान यात्रा में भव्य झांकियां, ताशा पार्टी और बैंड की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आए भजन गायकों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

यात्रा का मार्ग छावनी फुटबॉल मैदान से प्रारंभ होकर नेहरू रोड स्थित श्याम मंदिर के सामने से होते हुए गोला रोड, थाना चौक, सुभाष चौक होते हुए पुनः फुटबॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। समापन स्थल पर निशानधारी श्रद्धालुओं को कूपन के आधार पर प्रसाद का वितरण किया गया।

यात्रा के दौरान घोड़े के रथ पर सवार राधा–कृष्ण तथा शिव–पार्वती की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा निशान यात्रा का स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय एवं पेयजल की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सांवरमल अग्रवाल, अनिल गोयल, कमल बगड़िया, संजय चौधरी, शंकरलाल अग्रवाल, सुरेश बगड़िया, राजकुमार अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, मुरारी अग्रवाल, विकास अग्रवाल, संजय अग्रवाल (मथुरा), राजेश अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, विनय अग्रवाल, राजेश मोदी, अजय जैन, प्रमोद मोदी, मनोज बंसल, शंभू पटवारी, शिवकुमार अग्रवाल, दीपक मेवाड़ एवं महेश अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

समिति की ओर से जानकारी दी गई कि गुरुवार, 27 फरवरी को संध्या 6:30 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बाबा के मंदिर को विशेष फूलों की सजावट से सजाया जाएगा, ज्योत प्रज्वलन, सवामणि एवं महाभोग का आयोजन होगा। रात्रि में फूलों की होली और धमाल गायन के माध्यम से भक्तों के लिए विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अगले दिन प्रातः शंखनाद एवं आरती के साथ महोत्सव का समापन होगा।