रामगढ़, झारखंड :रामगढ़, झारखंड के जिला अधिवक्ता संघ परिसर में शनिवार को व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीशगण एवं अधिवक्ताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में रंगों की होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी ने आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ होली खेली।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री मनोज राम तथा विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री संदीप बर्तन उपस्थित रहे। साथ ही अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी श्री हर्षित तिवारी एवं न्यायिक दंडाधिकारी श्रीमती आयशा सिंह सरदार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल को “महामूर्खदिराज” एवं सीताराम को “मूर्खदिराज” की उपाधि से सम्मानित किया गया। दोनों को सब्जियों की माला पहनाकर प्रतीकात्मक सम्मान प्रदान किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और हास्य का माहौल बन गया।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री मनोज राम ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ता और न्यायाधीश न्याय व्यवस्था की गाड़ी के दो पहिए हैं और दोनों के आपसी सामंजस्य से ही न्यायिक प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न होती है। उन्होंने कहा कि होली ऐसा पर्व है, जिसमें सभी लोग छोटे-बड़े का भेदभाव भूलकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ एक-दूसरे को रंग लगाते हैं।
वहीं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि पिछले कई वर्षों से जिला अधिवक्ता संघ द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायाधीशगण अधिवक्ताओं के साथ मिलकर आपसी सद्भाव के साथ होली मनाते हैं।
कार्यक्रम से पूर्व जिला अधिवक्ता संघ द्वारा आज सेवानिवृत्त हुए लोक अभियोजक श्री परमानंद यादव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष ऋषि महतो, महासचिव सीताराम, संयुक्त सचिव शंभू प्रसाद, कोषाध्यक्ष हरनाथ महतो, संयुक्त कोषाध्यक्ष विकेश रंजन, लाइब्रेरियन शुभम तिवारी, झलक देव महतो, देवकीनंदन सिंह, संतोष उपाध्याय, जितेंद्र कुमार, अभिषेक दरार, सुरेश महतो, राजेंद्र महतो, राजेंद्र कुमार, शोएब अंसारी, मोहम्मद जब्बार, नौशाद अहमद, सलीम अंसारी, राजकुमार गुप्ता, पंकज जमुआर, धीरेश कुमार, ठाकुर दास महतो, भैरव ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।