लोहार टोला, रामगढ़ (झारखंड) में ट्रांसफारमर से निकली चिंगारी से भीषण आग, तीन दुकानें जलकर राख

Spread the love

 रामगढ़, झारखंड  :  लोहार टोला क्षेत्र स्थित होलिका दहन मैदान के पास रविवार देर रात करीब 12.30 बजे तीन झोपड़ी नुमा दुकानों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रामगढ़, झारखंड में हुई। आग लगने का कारण पास लगे बिजली ट्रांसफारमर से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। बताया गया कि देर रात दो सांड आपस में लड़ते हुए ट्रांसफारमर के पोल से टकरा गए, जिससे पोल हिल गया और उससे निकली चिंगारी पास की दुकानों पर गिर गई। इसके बाद देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया।

आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग, रामगढ़ को सूचना दी और स्वयं भी आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालात इतने गंभीर हो गए थे कि आग की लपटों की चपेट में ट्रांसफारमर भी आ गया था। हालांकि समय रहते दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग की गर्मी से ट्रांसफारमर फट जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास के इलाके में भारी नुकसान की आशंका थी।

शहर में बढ़ता खतरा, कभी भी हो सकती है बड़ी घटना

लोहार टोला की इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि रामगढ़ शहर के कई हिस्सों में ट्रांसफारमर के ठीक नीचे झोपड़ी नुमा दुकानें लगा दी गई हैं। दिन के समय इन दुकानों पर हमेशा लोगों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफारमर के आसपास अतिक्रमण हटाया जाए और इस तरह के खतरनाक स्थानों पर दुकानों को हटाकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।