रामगढ़, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर ने एक बार फिर शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है। कुछ माह पूर्व विद्यालय के कक्षा 1 से 8 तक के कुल 45 विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित सिल्वर जोन अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में सहभागिता की थी। जैसे ही परिणाम घोषित हुए, पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और उल्लास का माहौल बन गया।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा चार के दो मेधावी विद्यार्थियों — स्वाति गोराई एवं ओम सोनी — ने राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए “स्टेट टॉपर” का गौरव प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे रामगढ़, झारखंड क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
क्लास टॉपर – स्वर्ण पदक
स्वर्ण पदक श्रेणी में उत्तम कुमार, दिव्यांश नायक, अनिकेत राज, आदित्य कश्यप, अर्पित तिवारी एवं पवन कुमार ने क्लास टॉपर के रूप में स्थान अर्जित किया।
रजत पदक विजेता
रजत पदक श्रेणी में आयांश कुमार, आरभ शर्मा, दिव्यांशु कुमार, धनराज शंकर, गौतम कुमार, तेजस राज भगत, ईशा कुमारी, आयुष कुमार एवं आर्यन कुमार साह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कांस्य पदक विजेता
कांस्य पदक श्रेणी में प्रज्ञा कुमारी, पल्लवी कुमारी, सात्विक पटेल, शौभीक रंजन, अर्पिता कुमारी, आर्ची कुमारी, वात्सल भारद्वाज एवं शिवम महाराज ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अन्य सभी प्रतिभागियों का प्रदर्शन भी अत्यंत सराहनीय रहा।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य विजय तिवारी एवं अन्य वरिष्ठ शिक्षकों की उपस्थिति में गणित शिक्षक विक्रम सिंह, अमित सिंह एवं अतीश कुमार कुशवाहा को उनके सतत मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व के समग्र विकास की प्रक्रिया है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय समय के अनुरूप अपनी शिक्षण पद्धति, अधोसंरचना एवं तकनीकी संसाधनों को लगातार उन्नत कर रहा है, ताकि विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सके।
विद्यालय प्रबंधन ने दोहराया कि श्री कृष्ण विद्या मंदिर में शिक्षा को ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और सृजनात्मकता के संतुलित विकास के रूप में देखा जाता है, जिसका परिणाम विद्यार्थियों की निरंतर बढ़ती उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है।