बड़कागांव (हजारीबाग), झारखंड : जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अपराधियों ने एक कोयला कारोबारी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे अपराधियों की गाड़ी की चपेट में आने से एक अन्य ग्रामीण की भी मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बड़कागांव थाना क्षेत्र के नपोखुर्द गांव निवासी कोयला व्यवसायी रोहित साव पर देर रात अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो से आए हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो में सवार होकर भागने लगे। इसी दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग उनकी गाड़ी की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में प्रदीप साव नामक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महेंद्र साव, सागर कुमार और राजू साव सहित कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के अस्पतालों में भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्कॉर्पियो से अपराधी आए थे, उस पर पुलिस लिखा हुआ था। भागने के दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर एक बिजली के खंभे से टकरा गई और पलट गई, लेकिन इसके बावजूद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि जाते समय अपराधियों ने गांव में खड़ी दो वाहनों में आग भी लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को आपसी रंजिश या कारोबार से जुड़े विवाद के एंगल से भी देख रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस इलाके में लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।