बीएफसीएल में राष्ट्रीय सुरक्षा माह के तहत पीपीई प्रदर्शनी, कर्मचारियों को दिए गए आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की जानकारी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा माह के अवसर पर शनिवार 07 मार्च 2026 को एचएसपीए यूनिट परिसर में पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनंत शंकर सेठ, वीपी (जीएफ़ए) ने वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में किया।

इस प्रदर्शनी का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और नई तकनीकों की जानकारी देना था। प्रदर्शनी में भारत की प्रमुख पीपीई निर्माता कंपनियों जैसे करम, वीनस, उद्योगी सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपने आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान कन्फाइंड स्पेस एंट्री, वर्किंग एट हाइट और गैस डिटेक्शन सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरणों के बारे में कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और कार्यस्थल पर उनके महत्व को भी समझाया गया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के डिविजनल हेड, बिजनेस यूनिट प्रमुख, विभागाध्यक्ष और कर्मचारियों ने अपनी-अपनी टीम के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा सुरक्षा से जुड़े नए नवाचारों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

बीएफसीएल में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत 1 मार्च 2026 को एचएसपीए प्लांट परिसर से की गई थी। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि अनंत शंकर सेठ ने जितेंद्र द्विवेदी के साथ सुरक्षा ध्वज फहराया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा बैज का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन फ़िरोज़ अहमद ने किया।

राष्ट्रीय सुरक्षा माह के दौरान संयंत्र परिसर में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, सुरक्षा चित्रकला प्रतियोगिता, ऑन-जॉब सेफ्टी क्विज, सुरक्षा रैली और अन्य सहभागिता गतिविधियाँ शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करना और सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।

इस मौके पर सभी प्रभागीय प्रमुखों, विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा सुरक्षित कार्यस्थल बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बीएफसीएल प्रबंधन ने “शून्य दुर्घटना और शून्य हानि” वाले कार्यस्थल के लक्ष्य को हासिल करने के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह राष्ट्रीय सुरक्षा माह अभियान 1 से 25 मार्च तक संयंत्र परिसर में मनाया जाएगा।