रामगढ़, झारखंड : माता विध्नेश्वरी देवी मंदिर में 17वां वार्षिक उत्सव, श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया प्रसाद

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  मेन रोड स्थित सुभाष चौक के पास माता विध्नेश्वरी देवी मंदिर में रविवार को 17वां वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के मुख्य पुजारी संजयेंद्र गुरु व मुख्य यजमान अनिल कुमार द्वारा माता विध्नेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद विद्वान ब्राह्मणों ने चंडी पाठ किया और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन संपन्न कराया। पूरे वातावरण में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाते हुए पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर मंदिर में भव्य आरती की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तों से भरा रहा और लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

उत्सव को सफल बनाने में अनिल कुमार, उपेंद्र वर्मा, रतन कुमार सिंह, राजेश मंडल, गौरव शर्मा, राजेश गुप्ता, राहुल भार्गव, संजय, दिलीप, रवि, पुरुषोत्तम रोहित और मृत्युंजय केशरी सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।