रजरप्पा मंदिर, रामगढ़ (झारखंड) में श्रद्धालु से मारपीट मामला : एसपी अजय कुमार की कार्रवाई, 5 पुलिसकर्मी निलंबित

Spread the love

रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा मंदिर परिसर में श्रद्धालु के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद रामगढ़, झारखंड पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार ने पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार अनुसार, घटना के दौरान एक श्रद्धालु जबरन मंदिर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था और कथित रूप से पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का भी प्रयोग कर रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति बन गई। हालांकि एसपी श्री कुमार का कहना है कि ऐसी स्थिति में भी पुलिसकर्मियों को हाथ नहीं उठाना चाहिए था।

एसपी अजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किया जाना स्वीकार्य नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) के चार जवान—श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव और जॉनसन सुरीन—को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही होमगार्ड के जवान सिकंदर यादव को भी निलंबित किया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अजय कुमार स्वयं रजरप्पा मंदिर, रामगढ़ (झारखंड) पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।

फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।