रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर, रामगढ़ (झारखंड) से पुलिस के कथित दुर्व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में चार पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उसके साथ मौजूद महिलाएं उसे बचाने की कोशिश करती दिख रही हैं, लेकिन पुलिसकर्मी लगातार मारपीट करते दिखाई देते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना हुई वह जमशेदपुर से अपने परिवार के साथ रजरप्पा मंदिर, रामगढ़ (झारखंड) में पूजा-अर्चना करने आया था। बताया जा रहा है कि मंदिर में प्रवेश को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था। हालांकि, परिवार के लोगों का कहना है कि पूजा संपन्न होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच आक्रोश देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी कई लोग इस घटना की निंदा कर रहे हैं और पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह माना जा सकता है कि कुछ विवाद उक्त व्यक्ति का पुलिस कर्मियों के साथ हुआ होगा। लेकिन यह समझा जा सकता है कि एक परिवार वाला व्यक्ति जो महिलाओं के साथ हो तथा एक नये जगह पर पुलिस कर्मियों से कितना विवाद कर सकता है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस को संयम और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि ऐसी घटनाएं पूरे राज्य और धार्मिक स्थल की छवि को प्रभावित करती हैं।
रजरप्पा, रामगढ़ (झारखंड) सहित आसपास के क्षेत्रों में भी इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को श्रद्धालुओं पर सख्ती दिखाने के बजाय जिले में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर ध्यान देना चाहिए। जिला में हमेशा गोली चालन व रंगदारी की घटनायें सामने आ रही है तथा उस पर पुलिस रोक नहीं लगा पा रही है।
फिलहाल यह देखना बाकी है कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद रामगढ़, झारखंड जिला प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या संज्ञान लेती है और क्या कार्रवाई की जाती है। वैसे इस संबंध में सोमवार को रामगढ़ के एसडीपीओ रजरप्पा मंदिर परिसर पहुंच कर मामले की जानकारी ली है तथा दुकानदारों व अन्य लोगों से पूछताछ की है। उनके साथ रजरप्पा थाना प्रभारी भी मंदिर परिसर पहुंचे थे।