रामगढ़, झारखंड : मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत संचालित सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना के तहत 09 मार्च 2026 सोमवार को एक्सेल डाटा सर्विसेज, रांची रोड रामगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण पखवाड़ा की शुरुआत विशेष शिविर के साथ की गई।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में किशोर एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, रांची के कुलदीप कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सेंटर के प्रशिक्षुओं के बीच विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों का बीपी, शुगर और वजन की जांच की गई। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक के जरिए महिलाओं को जागरूक, सतर्क और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से युवा और विशेष रूप से महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।
इस अवसर पर एक्सेल डाटा सर्विसेज के कर्मचारियों द्वारा महिलाओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सेंटर मैनेजर अरविंद कुमार, सेंटर इंचार्ज सुशील कुमार कुशवाहा तथा प्लेसमेंट मैनेजर नेहा सिंह ने उपस्थित महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सेंटर में चल रहे विभिन्न ट्रेड और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान कई युवाओं ने जॉब ओरिएंटेड कोर्स में रुचि भी दिखाई।