रामगढ़, झारखंड : जिले में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने की, जिसमें शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने मध्यान भोजन योजना के संचालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से मध्यान भोजन उपलब्ध कराया जाए और इसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पेयजल और शौचालय की स्थिति पर विशेष जोर दिया। जिन स्कूलों में जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उन्हें चिन्हित कर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के साथ समन्वय बनाकर जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के बीच किताबें, यूनिफॉर्म और स्कूल बैग वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी पात्र बच्चों तक इन सुविधाओं का समय पर वितरण हो।
बैठक में शिक्षा का अधिकार अधिनियम, छात्रवृत्ति योजना, खेलो झारखंड कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय और प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इन योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।