जेएम कॉलेज भुरकुंडा के लिए अनुदान राशि की मांग, विधायक के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री को सौंपा प्रतिवेदन

Spread the love

रांची / भुरकुंडा (रामगढ), झारखंड : जेएम कॉलेज भुरकुंडा को अनुदान राशि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कॉलेज प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विधायक रोशन लाल चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री को प्रतिवेदन सौंपा

बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में जेएम कॉलेज अनुदान की राशि से आंशिक रूप से वंचित रह गया था। इसका मुख्य कारण यह था कि उस समय नैक (एनएएसी) के द्वितीय चक्र का परिणाम उपलब्ध नहीं हो पाया था, जिसके चलते कॉलेज को मिलने वाली अनुदान राशि जारी नहीं हो सकी।

अनुदान की राशि निर्गत कराने के उद्देश्य से कॉलेज के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर इस संबंध में पत्र सौंपा और जल्द से जल्द राशि जारी करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में महाविद्यालय प्रबंध समिति के शिक्षक प्रतिनिधि प्रो मनोज कुमार सिंह और डॉ. शिव शंकर सिंह शामिल थे। उन्होंने शिक्षा मंत्री को कॉलेज की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि अनुदान राशि मिलने से महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास कार्यों को गति मिलेगी।

प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मामले पर सकारात्मक पहल करते हुए कॉलेज को लंबित अनुदान राशि उपलब्ध कराएगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।