रामगढ़, झारखंड : भारत की जनगणना–2027 के सफल संचालन को लेकर रामगढ़, झारखंड जिला प्रशासन द्वारा जिला/चार्ज अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 10 मार्च 2026 से 12 मार्च 2026 तक उप विकास आयुक्त के सभा कक्ष में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल एवं अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी ने की। इस दौरान अधिकारियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, डाटा संकलन की विधि, तकनीकी उपकरणों के उपयोग तथा कार्यों के सुचारू संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों को जनगणना कार्य की महत्ता बताते हुए निर्देश दिया गया कि यह कार्य पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने जनगणना कार्य के विभिन्न चरणों, ऑनलाइन डाटा एंट्री, तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा मैदानी स्तर पर होने वाले कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए जिला/चार्ज अधिकारी और तकनीकी सहायक शामिल हुए। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी के आधार पर रामगढ़, झारखंड में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।