कुजू में बंद खदान से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को एक बंद पड़ी भूमिगत खदान से अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया। यह घटना मुरपा के दूधमटिया स्थित शिबू टोला इलाके की है, जहां खदान के मुहाने में जमा पानी में शव तैरता हुआ मिला।

जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय ग्रामीणों को खदान के पास से तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर जब लोग वहां पहुंचे तो उन्होंने खदान में भरे पानी में एक व्यक्ति का शव तैरता देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना कुजू पूर्वी के मुखिया प्रतिनिधि अशोक कुमार को दी।

अशोक कुमार ने तुरंत कुजू ओपी पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कुजू ओपी के एएसआई आशीष गौतम और ओमकार पॉल सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को खदान से बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार शव पर कलाई घड़ी, दो अंगूठियां, जैकेट और ट्राउजर मौजूद थे। मौके पर मौजूद लोगों से पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने भी मृतक को पहचानने से इंकार कर दिया।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है। फिलहाल कुजू पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।