मेदिनीनगर, पलामू (झारखंड) : झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित बैरिया चौक के पास रविवार को एलपीजी सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस मकान में विस्फोट हुआ, वहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि यह सिलेंडर एक गैस एजेंसी से जुड़े थे और घर के अंदर ही अवैध रूप से उनका डंप बनाया गया था। चर्चा के अनुसार एक इंडेन गैस एजेंसी के मालिक ने अवैध रूप से सिलिंडरों को एक मकान में डंप कर रखा था। इसी दौरान अचानक एक सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में धर्मेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, विक्रम सिंह और आलोक कुमार नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और इलाके को सुरक्षित करने में जुटे हुए हैं। प्रशासन को आशंका है कि विस्फोट वाले घर के अंदर और भी लोग मौजूद हो सकते हैं, इसलिए सावधानी के साथ राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि संबंधित स्थान पर गैस सिलेंडरों का डंप रखा गया था। फिलहाल इलाके को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।