धनबाद (झारखंड) : धनबाद नगर निगम में उप महापौर पद के चुनाव में अरुण कुमार चौहान ने शानदार जीत हासिल करते हुए डिप्टी मेयर पद पर कब्जा जमाया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी मेनका सिंह को भारी अंतर से पराजित किया।
नगर निगम के 55 वार्ड पार्षदों में हुए मतदान में अरुण कुमार चौहान को 50 पार्षदों का समर्थन मिला, जबकि मेनका सिंह को केवल 5 वोट ही प्राप्त हुए। इस तरह यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा।
बुधवार को धनबाद समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में पहले आदित्य रंजन ने मेयर संजीव सिंह और सभी 55 पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद उप महापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मतदान कराया गया। दोपहर में मतपत्रों की तैयारी के बाद पार्षदों ने गुप्त मतदान के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के पश्चात परिणाम घोषित किया गया, जिसमें अरुण कुमार चौहान विजयी घोषित हुए।
निर्वाचन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद मेयर संजीव सिंह ने नवनिर्वाचित उप महापौर को पद की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) मुकेश कुमार बाउरी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और सभी पार्षद मौजूद रहे।