हजारीबाग (झारखंड) :रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में राज्य की पुलिस प्रमुख तदाशा मिश्रा ने खुद हजारीबाग पहुंचकर जुलूस मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीजीपी ने शहर के प्रमुख मार्गों, गलियों और संवेदनशील चौक-चौराहों का दौरा किया, जहां से पारंपरिक रामनवमी जुलूस गुजरता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और ड्रोन के माध्यम से निगरानी जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
संवेदनशील क्षेत्रों पर खास नजर
रूट वेरिफिकेशन के दौरान झंडा चौक और बड़ा अखाड़ा जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर डीजीपी ने खुद पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली। खासकर जामा मस्जिद रोड को सुरक्षा के लिहाज से चुनौतीपूर्ण माना जाता है, जहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
मैदानी निरीक्षण से पहले डीजीपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान सुनील भास्कर, अंजनी अंजन और शशि प्रकाश सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
“किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं”
डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से शांति और उत्साह के साथ पर्व मनाने की अपील की, साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पहले से जारी हैं तैयारियां
रामनवमी से पहले जिले में कई बार फ्लैग मार्च किया जा चुका है और अलग-अलग स्थानों पर मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई है। ऐसे में डीजीपी का यह दौरा सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
प्रशासन का दावा है कि इस बार हजारीबाग में सुरक्षा के व्यापक और आधुनिक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।