धनबाद / गोमो (झारखंड) : ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। धनबाद और गोमो में आरपीएफ व रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली-हरियाणा से जुड़े इस गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि इस गिरोह को ससुर और दामाद मिलकर संचालित कर रहे थे।
यह कार्रवाई करीब एक माह पहले धनबाद से कोल्हापुर जाने वाली दीक्षाभूमि एक्सप्रेस में हुई बड़ी चोरी की घटना के बाद की गई। उस मामले में पारसनाथ निवासी एक यात्री के बैग से लगभग 20 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई, जिसमें वे गोमो स्टेशन से बाहर निकलते नजर आए।
इसके बाद पुलिस और आरपीएफ ने गोमो के विभिन्न होटलों में छानबीन शुरू की। हरिहरपुर थाना क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित एक होटल में उनके ठहरने की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पकड़े गए आरोपितों में अजय कुमार (भिवानी, हरियाणा), राजेश कुमार (सुल्तानपुर, दिल्ली), महेंद्र सिंह (भिवानी, हरियाणा), जगदीश (हिसार, हरियाणा), कुलदीप सिंह (हांसी, हरियाणा) और राजीव कुमार (हिसार, हरियाणा) शामिल हैं। इनमें राजेश और उसका दामाद राजीव गिरोह को संचालित करते थे।
बरामद सामान
आरोपियों के पास से 61,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, चार पिट्ठू बैग, ट्रॉली बैग खोलने के औजार और एक पुलिस वर्दी बरामद की गई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य ट्रेन में यात्री बनकर सफर करते थे और यात्रियों से घुल-मिल जाते थे। भीड़-भाड़ के दौरान, खासकर उतरते समय, ये लोग बैग की चेन खोलकर नकदी और जेवरात चोरी कर लेते थे।
देशभर में फैला नेटवर्क
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के करीब 150 सदस्य विभिन्न राज्यों—बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और राजस्थान—में सक्रिय हैं। कई आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं।
अभियान में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में सीआईबी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राम, संतोष झा, आनंद आलोक, सब-इंस्पेक्टर शाकिब आलम, गोमो रेल थानेदार शाहजहां खां, प्रभात सिंह और सुभाष यादव समेत आरपीएफ व रेल पुलिस के अन्य जवान शामिल थे।
रेल थाना गोमो प्रभारी शाहजहां खां ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।