रांची (झारखंड) : झारखंड के रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड 31 के पार्षद नीरज कुमार ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने कुल 39 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया और आधिकारिक रूप से डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए।
यह चुनाव डीसी कार्यालय में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें नगर निगम के 53 वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया। डिप्टी मेयर पद के लिए मुकाबला काफी अहम माना जा रहा था, क्योंकि इसमें दो नवनिर्वाचित पार्षदों वार्ड नंबर 31 के नवनिर्वाचित नीरज कुमार व वार्ड नंबर 44 सा नवनिर्वाचित पार्षद परमजीत सिंह के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। यह चुनाव नगर निगम की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे आने वाले समय में शहर के विकास कार्यों और नीतिगत फैसलों पर असर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि तीन साल बाद नगर निगम में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई है, जिसके बाद अब मेयर और डिप्टी मेयर सहित नई सरकार का गठन हो चुका है। नीरज कुमार की जीत को नगर निगम की नई दिशा और विकास की उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है।