रामगढ़ (झारखंड): झारखंड के रामगढ के सुभाष चौक पर गुरुवार को छोटानागपुर मोटर कामगार यूनियन (ऐटक) के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यूनियन के कॉमरेड खुर्शीद अहमद कुरैशी उर्फ आजाद सिंह के नेतृत्व में रामगढ़ छावनी परिषद द्वारा बिरसा बस पड़ाव में वसूले जा रहे अतिरिक्त सफाई शुल्क के खिलाफ मुख्य अधिशासी अधिकारी का पुतला दहन किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में रामगढ़ बस एजेंट्स, यूनियन के सदस्य तथा फुटपाथ दुकानदार संघ के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विजय नंदन मिश्रा, एजाज अहमद, संजू गोयनका, एनामुल खान, सजन शर्मा, सफीक खान, महबूब खान, महेश साव, झा जी, सूरज कुमार, संजय कुमार, सपन पोद्दार, आरिफ खान, अशोक रजक और अख्तर खान सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि बिरसा बस पड़ाव में बसों से प्रति वाहन अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे बस मालिकों और एजेंटों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था को अव्यवहारिक बताते हुए तत्काल बंद करने की मांग की।
साथ ही यूनियन की ओर से मुख्य अधिशासी अधिकारी, रामगढ़ छावनी परिषद को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में बस पड़ाव से संबंधित कई समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं :=
बस कर्मचारियों (एजेंट) को निःशुल्क बुकिंग काउंटर उपलब्ध कराया जाए।
यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए।
महिला एवं पुरुष शौचालय की समुचित व्यवस्था हो।
बस स्टैंड पर बैठने के लिए बेंच और प्रतीक्षालय का निर्माण किया जाए।
पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना की जाए।
बसों की समय-सारणी (एलईडी डिस्प्ले) लगाई जाए।
बिजली कटौती की स्थिति में सोलर लाइट की व्यवस्था हो।
यात्रियों के लिए पूछताछ केंद्र खोला जाए।
टैक्सी, ऑटो आदि के लिए समुचित पार्किंग की व्यवस्था हो।
अधूरे सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए।
जल निकासी (नाली) की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
महिला यात्रियों के लिए स्तनपान कक्ष बनाया जाए।
बस पड़ाव का शीघ्र उद्घाटन कर आम जनता को समर्पित किया जाए।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।