झारखंड (झारखंड) : कांग्रेस ने पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव को 3 साल के लिए पार्टी से निकाला, अनुशासनहीन बयान पर कार्रवाई

Spread the love

रांची, झारखंड : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने संगठनात्मक मर्यादा बनाए रखने को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने वरिष्ठनेता पूर्व विधायक निर्मला देवी के पति, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के पिता तथा पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव को प्राथमिक सदस्यता से तीन वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।

यह जानकारी पार्टी के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने दी। उन्होंने बताया कि समिति के संज्ञान में यह बात आई थी कि योगेन्द्र साव लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से वर्तमान गठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक व अनुशासनहीन टिप्पणियां कर रहे थे। हाल ही में फेसबुक लाइव के जरिए भी उन्होंने सरकार पर तीखे और अनुचित बयान दिए थे।

अनुशासन समिति ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए माना कि इस प्रकार की सार्वजनिक टिप्पणियां पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और संगठनात्मक नियमों का उल्लंघन करती हैं। खास बात यह है कि राज्य की मौजूदा गठबंधन सरकार में कांग्रेस की भी भागीदारी है, ऐसे में इस तरह के बयान पार्टी की नीतियों और मर्यादा के विपरीत माने गए।

समिति ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया कि योगेन्द्र साव का आचरण कांग्रेस के अनुशासनात्मक नियमों की धारा-04 (क), (ख) एवं (ड़) का उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्हें तीन साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।

इस कार्रवाई को संगठन के भीतर अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।