रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ के सौदागर मुहल्ला में कई दशकों से चैती नवरात्र के अवसर पर माता चैती दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जा रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी पूरे विधि-विधान के साथ माता चैती दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धापूर्वक पूजा की जा रही है।
गुरुवार को माता चैती दुर्गा मंडप में महाअष्टमी की पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर माता के दरबार में पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। सुबह से ही मंडप में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पूजा के दौरान मंडप परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
आयोजन समिति के अनुसार शुक्रवार को महानवमी की पूजा पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न की जाएगी, जिसमें और भी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।