रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ शहर समेत पूरे जिले और आसपास के क्षेत्रों में भगवान राम का जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान राम के साथ-साथ भक्त हनुमान की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। जिले के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की।
पूरे शहर में भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी। “दुनिया चले ना श्रीराम के बिना”, “तेरे जैसा रामभक्त ना हुआ न होगा दोबारा” और “रामजी की निकली सवारी” जैसे भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विभिन्न मंदिरों, पूजा समितियों और अखाड़ों द्वारा धार्मिक कथाओं पर आधारित स्थायी और चलंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने लाठी-डंडों और पारंपरिक हथियारों से करतब दिखाते हुए अपनी कला का प्रदर्शन भी किया।
हालांकि शाम के समय तेज आंधी और हल्की बारिश के कारण आयोजन में कुछ देर के लिए व्यवधान उत्पन्न हुआ। गोल पार स्थित स्थायी झांकी के मंच को नुकसान पहुंचा, वहीं तेज हवा के कारण साउंड बॉक्स भी नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
मौसम सामान्य होने के बाद रात करीब 10 बजे से झांकियों का परिचालन पुनः शुरू किया गया, जिसके बाद कार्यक्रम देर रात तक जारी रहा।