भक्ति और उल्लास के बीच रामगढ़ के किला मंदिर में सजा दीपोत्सव, राम जन्मोत्सव पर उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) :  शहर के शिवाजी रोड स्थित प्राचीन राधाकृष्ण किला मंदिर में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। किला मंदिर प्रबंध समिति एवं श्रीरामनवमी पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने पूरे इलाके को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।

गुरुवार की रात मंदिर परिसर को 2100 दीपों से सजाया गया, जिसकी दिव्य रोशनी ने वातावरण को आलोकित कर दिया। दीपों की जगमगाहट के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

शुक्रवार को दोपहर ठीक 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव पारंपरिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ मनाया गया। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। पूरे परिसर में धार्मिक ऊर्जा और उल्लास का माहौल बना रहा।

शाम के समय श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप एक क्विंटल बूंदी का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं।

आयोजन के सफल संचालन में समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनुप कुमार, प्रो. संजय सिंह, प्रदीप सिंह, बलजीत सिंह बेदी, महेश कुमार, विष्णु शर्मा, अमिताभ शर्मा, किशोर जाजू, धीरज झा, राहुल जैन, रोहित वर्मा, हैप्पी चाबड़ा, गोविंद भालाभ शर्मा, पंकज जैन, दीपक जैन, मोंटी, रवि मोदी और अजय सिंह समेत अन्य सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।