रांची, झारखंड: मोरहाबादी मैदान में आयोजित उद्योग मेले के उद्घाटन अवसर पर विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि राज्य के समग्र विकास में उद्योग और व्यापारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
फेडरेशन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित इस मेले में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चेंबर प्रतिनिधियों के साथ हुई विदेश यात्रा से झारखंड में निवेश के नए अवसर खुले हैं। उन्होंने इसे राज्य के आर्थिक विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया और कहा कि यह पहल भविष्य में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह, आनंद अग्रवाल और संयुक्त सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी ने विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात कर रामगढ़ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान विधायक ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम में उद्योग एवं व्यापार से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।