रामगढ़ (झारखंड) में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम की दिशा में अहम पहल

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) :  रामगढ़ (झारखंड) जिले में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन, जिला परिषद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष तथा विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने स्वयं उपस्थित रहकर बालिकाओं को एचपीवी का टीका दिलवाया और उन्हें टीकाकरण से संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। सिविल सर्जन ने बच्चियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का एक प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण के प्रति जागरूक करें और बिना किसी भय के उन्हें टीका अवश्य दिलवाएं। साथ ही बच्चियों को समझाया गया कि टीका लेने में घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रही। इस मौके पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।