रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ (झारखंड) में सोमवार को उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़ की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के विरुद्ध अब तक किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से दी। उपायुक्त ने हाल के समय में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा करते हुए कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने टास्क फोर्स की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। अवैध खनन के मुहानों को बंद करने के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि कहीं से भी अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर मुहानों को पूरी तरह बंद कराया जाए। हाल ही में किए गए कंट्रोल ब्लास्टिंग कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने नियमित रूप से अवैध मुहानों की पहचान कर आवश्यकता अनुसार कंट्रोल ब्लास्टिंग के जरिए उन्हें बंद करने का निर्देश दिया।
बैठक में खनिज परिवहन से जुड़े सभी वाहनों में जीपीएस प्रणाली अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को जिले के विभिन्न रेलवे साइडिंग का निरीक्षण कर नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय अधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी तथा थाना प्रभारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।