छापेमारी में दबोचे गये, न्यायिक हिरासत में भेजे गये जेल
रजरप्पा (रामगढ), झारखंड : रजरप्पा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है ।
मिली जानकारी के अनुसार बारलोंग स्थित एक सुनसान स्थान पर तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया और अहले सुबह चितरपुर बस्ती से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयान अनवर (पिता- अनवर सलीम), मो. तौफिक (पिता- दिलशाद अहमद) और मो. असफाक (पिता- स्व. भोला पगला) के रूप में हुई है। तीनों चितरपुर मुस्लिम बस्ती क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी बताए जाते हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद मंगलवार को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
इस संबंध में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ रजरप्पा थाना कांड संख्या 37/26 दिनांक 31.03.2026 धारा-70(2)/352/351(2) बीएनएस -2023 एवं 06 पोक्सो एक्ट 2012 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। छापेमारी अभियान में एसआई निरंजन सिंह, एसआई अशोक कुमार सिंह, एसआई रंजीत महतो और एसआई मो. इकबाल सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।